छत्तीसगढ़

भानुप्रतापपुर उपचुनाव के लिए सरगर्मी तेज:दोनों दलों के प्रत्याशी लगभग तय, कांग्रेस के दावेदारों की रिपोर्ट शाम तक

भानुप्रतापपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए सत्ताधारी दल कांग्रेस और प्रमुख विपक्षी दल भाजपा के प्रत्याशियों के नाम शनिवार शाम तक लगभग तय हो जाएंगे। कांग्रेस के 14 दावेदारों की सर्वे रिपाेर्ट शनिवार शाम तक पीसीसी के पास पहुंच जाएगी। वहीं इसी दिन भाजपा चुनाव समिति की बैठक होने वाली जिसमें भाजपा प्रत्याशी के नाम तय किए जाएंगे।

बताया गया है कि कांग्रेस की रिपोर्ट के आधार पर पहले तीन से चार दावेदारों की सूची प्रदेश प्रभारी पीएल पुनिया के पास भेजी जाएगी। दरअसल प्रदेश चुनाव समिति की बैठक में मनोज मंडावी की पत्नी सावित्री मंडावी समेत 14 दावेदारों के नाम सामने आए थे। सभी से वन टू वन चर्चा के बाद सर्वे की बात कही थी।

दावेदारों में ये सभी नाम शामिल
सावित्री मंडावी, बीरेश ठाकुर, राजेंद्र सलाम, जीवन राम ठाकुर, ठाकुर राम कश्यप, धनीराम धुर्वा, विजय ठाकुर, हेमंत कुमार ध्रुव, ललित नरेटी, सुनाराम तेता, राजेश पोटाई, तुषार ठाकुर और अनिता उइके का नाम था।

भाजपा की ओर 16 लोगों ने की दावेदारी, प्रदेश चुनाव समिति की बैठक में नाम तय कर केंद्रीय चुनाव समिति को भेजेंगे

राज्य के भानुप्रतापपुर विधानसभा उप चुनाव के लिए भाजपा के 16 लोगों ने दावेदारी पेश की है। राष्ट्रीय सह संगठन मंत्री शिवप्रकाश और क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल की मौजूदगी में शनिवार को प्रदेश चुनाव समिति की बैठक में इन नामों पर चर्चा होगी। यहां से नामों का पैनल बनाकर केंद्रीय चुनाव समिति को भेजा जाएगा, जो अंतिम रूप में उम्मीदवार के नाम की घोषणा करेगी। दरअसल, भाजपा के सभी चार पर्यवेक्षक पूर्व केंद्रीय मंत्री रामविचार नेताम, विधायक शिवरतन शर्मा, सांसद संतोष पाण्डेय और विधायक रंजना साहू बुधवार को भानुप्रतापपुर पहुंचे। उम्मीदवारों के नाम पर रायशुमारी के लिए दोपहर तीन बजे के बाद बैठक शुरू हुई। छह घंटे से ज्यादा समय तक चली इस बैठक में 16 लोगों ने अपनी दावेदारी पेश की है।

नेताम दौड़ में सबसे आगे
उप चुनाव के लिए दावेदारी पेश करने वाले 16 लोगों में सबसे प्रबल दावेदारी ब्रह्मानंद नेताम की है। हालांकि, परमानंद तेते और गौतम उइके का नाम भी प्रमुख दावेदारों में शुमार है। बता दें कि दावेदारी करने वालों में गंभीर सिंह ठाकुर, पूर्व विधायक देवलाल दुग्गा, जिलाध्यक्ष सतीश लाटिया, रामबाई गोटा, राजेंद्र आदि का नाम शामिल है। परमानंद तेते एनएमडीसी में असिस्टेंट मैनेजर मैकेनिकल रह चुके हैं, जबकि रामबाई जनपद की अध्यक्ष रह चुकी हैं।

चुनाव समिति से पहले पर्यवेक्षकों की बैठक
प्रदेश चुनाव समिति की बैठक चार बजे प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में होगी। इससे पहले दोपहर 1 बजे सभी चारों पर्यवेक्षक इन नामों पर चर्चा के लिए आपस में बैठेंगे। आपस में विचार विमर्श करके वे दावेदारों के नामों का पैनल तैयार कर प्रदेश चुनाव समिति को अपनी रिपोर्ट सौंपेंगे। बताया जा रहा है कि पार्टी उम्मीदवार के नाम की घोषणा नामांकन की अंतिम तिथि से एक- दो दिन पहले 14 या 15 नवंबर को करेगी।

17 तक नामांकन, पांच दिसंबर को मतदान
कांग्रेस विधायक मनोज कुमार मंडावी के निधन से खाली हुई भानुप्रतापपुर सीट के लिए 10 नवंबर को अधिसूचना जारी हो गई। 10 नवंबर से भानुप्रतापपुर सीट के लिए नामांकन शुरू हो गया है। नामांकन की अंतिम तिथि 17 नवंबर है। नया विधायक चुनने के लिए 5 दिसंबर को मतदान होगा और 8 दिसंबर को मतगणना के बाद परिणाम घोषित किया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!