
पूर्व सेना प्रमुख मनोज मुकुंद नरवणे की किताब रिलीज से पहले विवादों में आ गई है. नरवणे की किताब पर FIR दर्ज की गई है. दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने केस दर्ज किया है. प्री-प्रिंट कॉपी लीक करने के मामले में एफआईआर दर्ज की गई है.
दरअसल, दिल्ली पुलिस ने सोशल मीडिया और कुछ न्यूज फोरम पर सामने आई जानकारी का संज्ञान लिया है, जिसमें दावा किया गया कि ‘फोर स्टार्स ऑफ डेस्टिनी’ नाम की किताब की प्री-प्रिंट कॉपी ऑनलाइन सर्कुलेट हो रही है. बताया गया कि इस किताब को अभी संबंधित अधिकारियों से प्रकाशन की जरूरी मंजूरी नहीं मिली है

किताब की प्री-प्रिंट कॉपी लीक
जांच में सामने आया कि इसी नाम से एक टाइपसेट किताब की PDF कुछ वेबसाइट्स पर उपलब्ध है. इतना ही नहीं, कुछ ऑनलाइन मार्केटिंग प्लेटफॉर्म पर किताब का फाइनल कवर भी दिखाया जा रहा है, जैसे किताब बिक्री के लिए तैयार हो. मामले की गंभीरता को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने इस कथित लीक या बिना अनुमति प्रकाशन की आशंका को लेकर स्पेशल सेल में केस दर्ज कर लिया है.
पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है और यह पता लगाया जाएगा कि PDF कैसे और किसने ऑनलाइन डाली. बता दें कि नरवणे की किताब का जिक्र उस समय आया, जब राहुल गांधी संसद में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर चर्चा के दौरान अपनी बात रख रहे थे.

राहुल ने संसद में किया था किताब का जिक्र
नरवणे की किताब ‘फोर स्टार्स ऑफ डेस्टिनी’ अभी प्रकाशित नहीं हुई है. राहुल ने संसद में चीनी घुसपैठ और जनरल नरवणे की किताब का जिक्र करते हुए मोदी सरकार पर हमला बोला था. राहुल इसकी एक प्रति लेकर संसद पहुंचे और इसके एक अंश का हवाला देते हुए दावा किया कि जब चीन के टैंक भारत की सीमा की तरफ बढ़ रहे थे, उस वक्त प्रधानमंत्री मोदी ने अपने उत्तरदायित्व का निर्वहन नहीं किया था. उन्होंने ये भी कहा कि अगर प्रधानमंत्री मोदी सदन में आते हैं तो वह यह बुक उन्हें भेंट करेंगे.







