
धरसींवा। धरसींवा क्षेत्र में भारी एवं ओवरलोड वाहनों के लगातार आवागमन से जर्जर हो चुकी सड़क अब ग्रामीणों के लिए बड़ी मुसीबत बन गई है। सड़क की बदहाली और बढ़ती दुर्घटनाओं के विरोध में सोमवार को ब्लॉक कांग्रेस कमेटी धरसींवा के नेतृत्व में कुथरैल चौक पर कांग्रेसियों ने चक्काजाम कर प्रशासन को ज्ञापन सौंपा।

जानकारी के अनुसार तिवरैया से कुथरैल मोड़ तक मुख्य मार्ग की स्थिति बेहद खराब हो चुकी है। सड़क पर गति अवरोधक (स्पीड ब्रेकर) नहीं होने के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं, जिससे आम जनता, स्कूली बच्चों और मरीजों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इन्हीं मांगों को लेकर बाबा साहेब अंबेडकर चौक, कुथरैल में एक दिवसीय सांकेतिक धरना-प्रदर्शन एवं चक्काजाम किया गया।
इस दौरान पूर्व विधायक अनिता शर्मा ने कहा कि उक्त मार्ग पर लगातार हो रही दुर्घटनाएं चिंता का विषय है। उन्होंने प्रशासन से सड़क की शीघ्र मरम्मत एवं आवश्यक स्थानों पर गति अवरोधक निर्माण की मांग करते हुए कहा कि जनता की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।

वहीं ब्लॉक कांग्रेस कमेटी धरसींवा के अध्यक्ष आशीष वर्मा ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि 10 दिनों के भीतर प्रशासन द्वारा सड़क सुधार एवं स्पीड ब्रेकर निर्माण को लेकर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई तो ग्रामीणों को साथ लेकर उग्र आंदोलन किया जाएगा, जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।
प्रदर्शन में प्रमुख रूप से प्रदेश कार्यकारिणी अध्यक्ष (ओबीसी विभाग) भावेश बघेल, पूर्व विधायक धरसींवा अनिता एवं योगेंद्र शर्मा, पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष दुर्गेश वर्मा, मंडल अध्यक्ष शेखर यादव सहित साहिल खान, प्रमोद शर्मा, पंकज नायक, सुनील बघेल, महेंद्र देवांगन, श्यामलाल बघेल, राजा खान, मोहन साहू, कमल साहू, तुका साहू, अनिल बघेल, राजकुमार साहू, विजय साहू, कुंदन वर्मा, अजय कुर्रे, कैलाश जैसवाल, रवि यदु, उत्तम वर्मा (कान्हा), गिरेंद्र वर्मा, रघु जांगड़े, अजय यदु, रविंद निषाद, इंद्र वर्मा, शशिकांत बंजारे, ममता वर्मा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।







