छत्तीसगढ़बलौदा बाज़ारमुख्य खबरलोकप्रिय

अब मनचलों की खैर नहीं, एसपी भावना गुप्ता ने बनाई पुलिस महिला शक्ति टीम, दोपहिया पेट्रोलिंग वाहनों को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना

बलौदाबाजार। बलौदाबाजार में अब राह चलते युवतियों-महिलाओं को छेड़ना अब मनचलों को भारी पड़ सकता है। एसपी भावना गुप्ता ने शिकायत मिलने के बाद अब महिला शक्ति टीम का गठन किया है और उन्हें वाहन भी प्रदान किया है, जिससे वह स्कूल-कॉलेजों सहित सड़कों पर अपनी दोपहिया वाहन से पेट्रोलिंग कर निगरानी करेंगी और मनचलों पर कार्रवाई करेंगी, साथ ही यातायात व्यवस्था को भी संभालेंगी।

आपको बता दें कि बलौदाबाजार में अक्सर स्कूल और कॉलेज लगने के समय तीन सवारी मोटरसाइकिल सवार मनचलों की बाढ़ सी आ जाती है। वहीं उनकी तेज रफ्तार से एक्सीडेंट का भय रहता है और पिछले दिनों इसी क्रम में एक युवा इंजीनियर की मौत भी हुई थी, जिसे बाइक सवार तीन लोगों ने ठोकर मारकर मौत की नींद सुला दिया था। मृत युवक अपने घर का इकलौता चिराग था।

इस तरह की घटनाओं को देखने के बाद एसपी भावना गुप्ता ने निर्णय लिया और शक्ति टीम का गठन किया, जिसे आज यातायात जागरूकता अभियान के समापन अवसर पर हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

यातायात जागरूकता अभियान का समापन

बलौदाबाजार पुलिस द्वारा एक माह तक सुरक्षित तरीके से वाहन चलाने और यातायात नियमों का पालन करने को लेकर जागरूकता अभियान चलाया गया था, जिसका एक सादे समारोह में आज समापन हुआ। इस एक माह में पुलिस द्वारा स्कूलों-कॉलेजों में बच्चों को यातायात नियमों की जानकारी दी गई। वहीं जागरूकता अभियान को लेकर चित्रकला, फोटोग्राफी, निबंध, वाद-विवाद प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया, जिसमें विजयी प्रतिभागियों को आज कार्यक्रम के मुख्य अतिथि वन मंडलाधिकारी गणवीर धम्मशील, पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता सहित अतिथियों ने पुरस्कार प्रदान किए।

इस अवसर पर एसपी भावना गुप्ता ने कहा कि पुलिस ने अपना काम किया है और अब आपको अपना काम करना है, क्योंकि आज के बच्चे देश का भविष्य हैं। आप सभी अपने पालकों को बगैर हेलमेट पहने घर से न जाने दें तथा सुरक्षित तरीके से यातायात नियमों का पालन करने को कहें। साथ ही यदि आप नाबालिग हैं तो दोपहिया वाहन की जगह साइकिल चलाएं, जिससे आपका शरीर भी स्वस्थ रहेगा।

महिला शक्ति टीम को लेकर भावना गुप्ता ने बताया कि महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा सर्वोपरि है। साथ ही अक्सर मनचलों द्वारा स्कूल-कॉलेज लगने व छुटने के समय छेड़छाड़ की जाती है और दोपहिया वाहन तेज गति से चलाए जाते हैं, जिससे दुर्घटना हो सकती है। इसे रोकने के लिए हमने टीम तैयार की है, जो सतत निगरानी करेंगी और ऐसे लोगों पर कार्रवाई करेंगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!