*हायर सेकेंडरी स्कूल बिलाईगढ़ में आयुर्वेद, योग एवं करियर मार्गदर्शन पर विशेष कार्यक्रम आयोजित*

*हायर सेकेंडरी स्कूल बिलाईगढ़ में आयुर्वेद, योग एवं करियर मार्गदर्शन पर विशेष कार्यक्रम आयोजित*
बिलाईगढ़: शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल बिलाईगढ़ में कक्षा 11वीं एवं 12वीं के विद्यार्थियों के लिए स्वास्थ्य जागरूकता, आयुर्वेद, योग एवं करियर मार्गदर्शन विषय पर एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम विद्यालय के माननीय प्राचार्य श्री पी. पी. जायसवाल सर की गरिमामयी उपस्थिति में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
इस कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में डॉ. प्रवीण (आयुर्वेद चिकित्सा अधिकारी) एवं डॉ. खुशबू (आयुष चिकित्सक) उपस्थित रहे। दोनों चिकित्सकों द्वारा विद्यार्थियों को आयुर्वेद एवं योग के महत्व, स्वस्थ जीवनशैली, संतुलित आहार, नियमित दिनचर्या, मानसिक स्वास्थ्य तथा रोगों की रोकथाम से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियाँ प्रदान की गईं।

डॉ. प्रवीण द्वारा विद्यार्थियों को बताया गया कि आयुर्वेद केवल रोगों के उपचार तक सीमित नहीं है, बल्कि यह एक संपूर्ण जीवनशैली विज्ञान है, जो शरीर, मन एवं आत्मा के संतुलन पर आधारित है। उन्होंने आयुर्वेदिक घरेलू उपायों, योग, प्राणायाम, पौष्टिक आहार, अंकुरित अनाज (स्प्राउट्स) तथा अच्छी नींद के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला।
वहीं डॉ. खुशबू द्वारा विद्यार्थियों को योग एवं प्राणायाम के लाभों से अवगत कराया गया। उन्होंने बताया कि नियमित योग अभ्यास से शारीरिक स्वास्थ्य के साथ-साथ एकाग्रता, स्मरण शक्ति, आत्मविश्वास एवं तनाव नियंत्रण में भी वृद्धि होती है, जो विद्यार्थियों के शैक्षणिक जीवन में अत्यंत सहायक है।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों का स्वास्थ्य परीक्षण (स्क्रीनिंग) भी किया गया, जिसमें उनकी सामान्य स्वास्थ्य स्थिति की जाँच कर आवश्यक परामर्श दिया गया।
साथ ही विद्यार्थियों को करियर गाइडेंस भी प्रदान की गई, जिसमें 11वीं एवं 12वीं के बाद उपलब्ध विभिन्न शैक्षणिक एवं व्यावसायिक विकल्पों की जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को अपनी रुचि, क्षमता एवं लक्ष्य के अनुसार सही करियर चुनने हेतु प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम के अंत में माननीय प्राचार्य श्री पी. पी. जायसवाल सर ने अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं तथा भविष्य में भी ऐसे उपयोगी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
यह कार्यक्रम विद्यार्थियों के लिए ज्ञानवर्धक, प्रेरणादायक एवं अत्यंत लाभकारी सिद्ध हुआ।





