छत्तीसगढ़मुख्य खबरलोकप्रियसारंगढ़ बिलाईगढ़

बिलाईगढ़ के माटीपुत्र श्यामा भईया को विनम्र श्रद्धांजलि, श्रद्धांजलि सभा में उमड़ा जनसैलाब*

*बिलाईगढ़ के माटीपुत्र श्यामा भईया को विनम्र श्रद्धांजलि, श्रद्धांजलि सभा में उमड़ा जनसैलाब*

बिलाईगढ़। नगर के प्रतिष्ठित नागरिक, समाजसेवी एवं वरिष्ठ राजनीतिक व्यक्तित्व आदरणीय श्याम सुंदर अग्रवाल (श्यामा भईया) के निधन से संपूर्ण बिलाईगढ़ अंचल शोकाकुल है। उनके निधन से न केवल परिवार बल्कि पूरा नगर एक सच्चे मार्गदर्शक और जनप्रिय नेता को खो बैठा है। दिवंगत श्यामा भईया के सम्मान में थाना मैदान, बिलाईगढ़ में श्रद्धांजलि सभा एवं शांति भोज का आयोजन किया गया, जिसमें नगर सहित क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों, जनप्रतिनिधियों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं की बड़ी उपस्थिति रही।

स्व. श्याम सुंदर अग्रवाल जी का निधन 5 जनवरी को मुंबई अस्पताल में हुआ था। वे अपने सरल स्वभाव, मिलनसार व्यक्तित्व एवं दीन-दुखियों की निःस्वार्थ सेवा के लिए सदैव स्मरणीय रहेंगे। उन्होंने समाज के हर वर्ग से आत्मीय संबंध बनाए रखे और राजनीतिक जीवन में भी दलगत भावना से ऊपर उठकर कार्य किया।

राजनीतिक जीवन में उनका योगदान उल्लेखनीय रहा। वर्ष 1972 में सरपंच रहते हुए वे जनपद पंचायत अध्यक्ष बने, उस समय उनकी आयु लगभग 23 वर्ष थी। वे जनसंघ पार्टी के कद्दावर नेता रहे तथा बाद में कांग्रेस में शामिल होकर जनसेवक के रूप में सेवाएं दीं। उनका पूरा जीवन सामाजिक एवं राजनीतिक गतिविधियों में सक्रिय रूप से व्यतीत हुआ।

श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए उनके छोटे भाई गौरी शंकर अग्रवाल (पूर्व विधानसभा अध्यक्ष) ने भावुक शब्दों में कहा कि भले ही बड़े भैया का देहावसान हो गया हो, लेकिन उनकी स्मृतियां और उनके आदर्श सदैव जीवित रहेंगे। उन्होंने कहा कि बिलाईगढ़ उनकी कर्मभूमि रही है और आज जो कुछ भी परिवार है, उसमें बिलाईगढ़ क्षेत्रवासियों के आशीर्वाद की बड़ी भूमिका है।

उन्होंने आगे कहा कि श्यामा भईया का जीवन दीन-दुखियों की सेवा, पारिवारिक मूल्यों और प्रेमपूर्वक व्यवहार का उदाहरण रहा है। उनके लिए सभी लोग समान थे, चाहे किसी भी दल या विचारधारा से हों। यही कारण है कि वे सर्वमान्य नेता के रूप में लोगों के दिलों में बसे रहे।

सभा में बिलाईगढ़ विधायक कविता प्राण लहरें, कांग्रेस के पूर्व विधायक चंद्रदेव राय, भाजपा के पूर्व विधायक सनम जांगड़े, कांग्रेस जिला अध्यक्ष ताराचंद देवांगन, भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष सुभाष जालान, नगर पंचायत अध्यक्ष दामोदर दुबे, पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष द्वारिका देवांगन, जिला पंचायत सभापति दिनेश लाल जांगड़े सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

इसके अलावा संजय अग्रवाल (पुत्र), अजय अग्रवाल, विजय अग्रवाल, नितिन अग्रवाल, अशोक अग्रवाल, दीपक सिंघानिया, मोहन सिंघानिया, कौशलेश दुबे, राजेश शर्मा, सुनील सिंघानिया, जगदीश पांडे, कमलेश अग्रवाल, नरेश देवांगन (पार्षद), शेखर भट्ट, लोकेश्वर देवांगन (ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष), रामनारायण भट्ट, गोविंद शर्मा सहित बड़ी संख्या में नगरवासी एवं सभी राजनीतिक दलों के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने श्रद्धांजलि देने पहुंचे।

सभा में *“क्या पता अब इस नगरी में, कब हो आपका आना…”* जैसे भावुक शब्दों के साथ दिवंगत आत्मा को अश्रुपूरित नमन किया गया। अंत में ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति एवं शोक संतप्त परिवार को यह दुःख सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की गई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!