
रायपुर। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले की भेजा मैदानी ग्राम पंचायत से सामने आई एक तस्वीर इन दिनों राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा का विषय बनी हुई है। मनरेगा के नए स्वरूप ‘विकसित भारत – जी राम जी (वीबीजी राम जी) योजना’ के समर्थन में यहां 282 श्रमिकों द्वारा बनाई गई मानव श्रृंखला ने न केवल प्रदेश बल्कि पूरे देश का ध्यान अपनी ओर खींचा है। इस तस्वीर को केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान, केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल और केंद्रीय ग्रामीण विकास राज्य मंत्री कमलेश पासवान समेत कई वरिष्ठ केंद्रीय नेताओं ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर साझा किया है।

मनरेगा के तहत लागू की जा रही वीबीजी राम जी योजना को लेकर केंद्र एवं राज्य सरकारें इन दिनों व्यापक जन-जागरूकता अभियान चला रही हैं। इसी अभियान के तहत भेजामैदानी ग्राम पंचायत में श्रमिकों ने संगठित होकर मानव श्रृंखला बनाते हुए योजना के प्रति अपना समर्थन व्यक्त किया। श्रमिकों की इस सामूहिक सहभागिता की तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल होते ही देशभर में सुर्खियों में आ गई।









