
पाॅवर प्लांट में ब्लास्टिंग के दौरान एक श्रमिक गंभीर रूप से घायल
बलौदाबाजार। जिले के ग्राम ढाबाडीह स्थित पावर प्लांट में रविवार को ब्लास्टिंग करते वक्त चपेट में आने से श्रमिक संजय धु्रव निवासी ग्राम ढाबाडीह बुरी तरह घायल हो गया। हादसे में उसका हाथ टूट गया और शरीर के अन्य हिस्सों में भी गंभीर चोटें आई हैं। प्राथमिक उपचार के लिए उसे बलौदाबाजार के एक निजी चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। जहाँ हादसे में घायल श्रमिक की नाजुक हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने तत्काल रायपुर रेफर कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों द्वारा पावर प्लांट प्रबंधन पर सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने का आरोप लगाया जा रहा है। स्थानीय ग्रामीणों और मजदूर संघों ने मामले निष्पक्ष जांच कराये जाने की मांग रखी है और घायल मजदूर को मुआवजा देने तथा समुचित इलाज कराने की मांग की गई है।









