

विक्की पटेल रायगढ़। शहर से लगे गोवर्धनपुर निवासी एक छात्रा ने फाँसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतिका का शव सीलिंग पंखे से लटकताहुआ मिला। मृतिका आराधना मिंज के आत्महत्या का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है।
थाना चक्रधर नगर क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गोवर्द्धनपुर की रहने वाली आराधना मिंज ने बीते शनिवार को शाम लगभग चार बजे के आस-पास कमरे में लगे सीलिंग फैन में गमछे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। सेंट टेरेसा स्कूल में कक्षा बारहवीं की अठारह वर्षीय आराधना के अप्रत्याशित मौत से परिजन गहरे सदमें में हैं और कुछ भी बोल पाने में असमर्थ हैं।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतका आराधना मिंज अपने स्कूल यूनिफॉर्म पहनकर स्कूल गई और दोपहर बाद घर आकर कमरे के सीलिंग पंखे में गमछे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। आत्महत्या का कारण अज्ञात है। शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिये जिला अस्पताल भेजा गया जहाँ पोस्टमार्टम के बाद शव को परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस मामले की विवेचना कर रही है। पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही आत्महत्या के कारणों का पता चल सकेगा।





