छत्तीसगढ़दुर्घटनाप्रज्ञा 24 न्यूजबलौदा बाज़ारमुख्य खबर

भाटापारा की नई सब्जी मंडी में भीषण आग, लाखों का नुकसान, कई दुकानें जलकर खाक

बलौदाबाजार में सब्जी मंडी में लगी आग कुछ ही मिनटों में फैल गई और पूरे इलाके में अफरातफरी मच गई.

भाटापारा की नई सब्जी मंडी में भीषण आग, लाखों का नुकसान, कई दुकानें जलकर खाक

बलौदाबाजार में सब्जी मंडी में लगी आग कुछ ही मिनटों में फैल गई और पूरे इलाके में अफरातफरी मच गई.

बलौदाबाजार: भाटापारा की नई सब्जी मंडी में सोमवार सुबह अचानक भीषण आग लग गई. देखते ही देखते पूरी मंडी आग की लपटों से घिर गई. आसमान में घना काला धुआं फैल गया और आसपास के इलाकों में अफरातफरी मच गई. आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में दर्जनों दुकानें जलकर राख हो गईं.

सुबह के वक्त मची अफरातफरी: जानकारी के मुताबिक, यह घटना सोमवार सुबह करीब 10 बजे की है. व्यापारी और खरीदार सुबह 6 बजे मंडी पहुंच जाते हैं और लगभग 12 बजे तक काम खत्म हो जाता हैं. आज जब मंडी में व्यापारी और ठेले वाले रोज की तरह अपना काम लगभग खत्म कर चुके थे, तभी अचानक एक दुकान से धुआं उठने लगा. देखते ही देखते आग ने आसपास की दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया. लोग अपनी दुकानें बचाने के लिए दौड़े, लेकिन तेज लपटों और धुएं के बीच कुछ भी निकाल पाना मुश्किल हो गया.

सैकड़ों सब्जी कैरेट और कई ऑफिस जलकर राख: भाटापारा की नई सब्जी मंडी में करीब 80 दुकानें हैं. आग ने कुछ ही मिनटों में लगभग कई दुकानों को चपेट में ले लिया. मंडी में मौजूद दुकानों, उनमें रखे एसी, कंप्यूटर, दस्तावेज, साथ ही सेड और उसके नीचे रखे सैकड़ों सब्जी कैरेट धू-धू कर जल उठे. प्राथमिक अनुमान के मुताबिक, लाखों रुपए का नुकसान हुआ है, हालांकि सटीक आंकड़ा अभी सामने नहीं आया है.

शॉर्ट सर्किट से आग की आशंका

प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है. मंडी में बिजली कनेक्शन कई जगहों पर अस्थायी तौर पर जोड़े गए हैं, जिससे इस तरह की घटना की आशंका बनी रहती है. हालांकि, पुलिस और नगर पालिका की टीम मौके पर मौजूद है और जांच जारी है.

फायर ब्रिगेड की मशक्कत जारी

घटना की सूचना मिलते ही नगर पालिका की फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची, लेकिन आग इतनी भीषण थी कि उसे काबू करना बेहद मुश्किल हो गया. फिर बलौदाबाजार, अमेरा और आस पास के सीमेंट प्लांट की फायर ब्रिकेड गाड़ी मौके पर पहुंची. लगातार बढ़ती लपटों के बीच दमकलकर्मी पानी की बौछारें कर आग बुझाने की कोशिश कर रहे हैं. मौके पर लगातार कई फायर गाड़ियां बुलाई जा रही हैं. मंडी में दुकानों के पास गैस सिलेंडर और प्लास्टिक कैरेट की बड़ी संख्या में मौजूदगी के कारण आग पर काबू पाना और चुनौतीपूर्ण हो गया है.

मौके पर प्रशासन और जनप्रतिनिधि

भाटापारा एसडीओपी तारेश साहू पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे हैं. पुलिस ने पूरे इलाके को अपने कब्जे में ले लिया. वहीं, नगर पालिका अध्यक्ष अश्वनी शर्मा, पूर्व विधायक भाटापारा शिवरतन शर्मा भी मौके पर पहुंचे और हालातों का जायजा लिया. नगर पालिका के कर्मचारी और स्थानीय लोग मिलकर पानी के पाइप और टैंकर की मदद से आग बुझाने में जुटे हैं.

सुबह जब पहुंचे तो धुआं उठ रहा था. कुछ निकालने की कोशिश की लेकिन लपटें इतनी तेज थीं कि सब कुछ राख हो गया. सालों की मेहनत एक झटके में खत्म हो गई- बालगोविंद पटेल, मंडी के दुकानदार

शॉर्ट सर्किट से सब्जी मंडी में आग लगने की आशंका: नगर पालिका अध्यक्ष अश्वनी शर्मा ने कहा, “यह घटना बेहद दुखद है. मंडी में जिस तरह से आग तेजी से फैली, उससे लाखों का नुकसान हुआ है. फिलहाल हमारी पूरी टीम फायर ब्रिगेड और पुलिस के साथ मौके पर है. पानी के टैंकर और पाइपलाइन से लगातार आग बुझाने का काम चल रहा है. प्राथमिक तौर पर शॉर्ट सर्किट की आशंका लग रही है, लेकिन जांच के बाद ही स्थिति साफ होगी. नुकसान की भरपाई और प्रभावित दुकानदारों की मदद के लिए नगर पालिका हर संभव सहयोग करेगी.”

“30 से 35 लाख का नुकसान”

पूर्व विधायक भाटापारा शिवरतन शर्मा ने घटना स्थल पर पहुंचकर कहा,”भाटापारा की नई सब्जी मंडी में लगी आग से हुए नुकसान की भरपाई मुश्किल है. यह प्रशासन और बिजली विभाग के लिए एक चेतावनी है कि ऐसी घटनाएं दोबारा न हों. कई दुकानदारों की रोजी-रोटी इसी मंडी से जुड़ी है. मैं प्रशासन से अपील करता हूं कि नुकसान का त्वरित सर्वे कर प्रभावित व्यापारियों को आर्थिक मदद दी जाए. साथ ही मंडी में बिजली व्यवस्था को सुरक्षित करने के लिए स्थायी समाधान किया जाए.”

भाटापारा एसडीओपी तारेश साहू ने बताया कि भाटापारा नई सब्जी मंडी में आग लगने की सूचना मिलते ही पुलिस टीम और फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची. आग शॉर्ट सर्किट से लगने की प्रारंभिक जानकारी मिली है. किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है, 2 दुकानें आग की चपेट में आई है जिसमे एक ऑफिस भी था. लेकिन संपत्ति का भारी नुकसान हुआ है. फिलहाल आग पर काबू पा लिया गया है और घटना की पूरी जांच की जा रही है.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!