
विक्की पटेल रायगढ़। जिले के खरसिया क्षेत्र में प्रेमी जोड़े की लाश जंगल में मिली है। बताया जा रहा है दोनों शादी करना चाहते थे लेकिन लड़की के परिवार वाले इस रिश्ते के खिलाफ थे। दोनों ने कीटनाशक दवाई खाकर अपनी जान दे दी है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस घटना की असल वजह जानने जांच कर रही है।
जानकारी के मुताबिक घटना जोबी पुलिस चौकी क्षेत्र के ग्राम फरकानारा जंगल की है। मृतक युवक चंद्रशेखर राठिया (22 साल) निवासी डोमनारा का प्रेम-प्रसंग फरकानारा की रहने वाली जमुना राठिया (22 वर्ष) के साथ चल रहा था।
दोनों BSC फाइनल ईयर के छात्र थे और शादी करना चाहते थे। युवक के घरवाले युवती जमुना के घर दोनों के रिश्ते की बात भी करने के लिए गए थे, लेकिन युवती के परिजनों ने इस रिश्ते को इंकार कर दिया।
इसके बाद बुधवार तड़के 3 बजे युवक-युवती अपने घर से भागे और जंगल में कीटनाशक दवा का सेवन कर अपनी जान दे दी। इस बीच मृतका का भाई गंगा कुमार राठिया अपने दोस्तों के साथ शौच करने जंगल की ओर गया था, जहां उसने बहन जमुना और युवक चंद्रशेखर की लाश देखी। इसके बाद मृतका के भाई ने गांववालों और पुलिस को घटना की जानकारी दी। पुलिस ने दोनों के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा दिया। मामले में परिजनों से पूछताछ की जा रही है।