

रायगढ़ | विक्की पटेल । CG Painter Died: नए मकान की पुताई के दौरान पहली मंजिल से गिरकर बिलासपुर का एक पेंटर इस कदर जख्मी हुआ कि मेकाहारा पहुंचने के पहले ही उसकी असमय मौत हो गई। यह हादसा शहर के कोतरा रोड थाना क्षेत्र का है। पुलिस जांच पड़ताल में जुटी है।
जानकारी के अनुसार बिलासपुर के मस्तूरी थानांतर्गत ग्राम परसदा में रहने वाला मनहरण खरे पिता नारायण खरे उम्र 37 वर्ष पेंटिंग और अन्य का काम करते हुए अपनी पत्नी और मासूम बच्चे की परवरिश करता था। रायगढ़ से करीब 20 किलोमीटर दूर स्थित ग्राम नंदेली के दुलोपुर में एक व्यक्ति ने नया मकान निर्माण करवाया और उसके रंगरोगन पुताई कार्य के लिए मनहरण के ठेकेदार को ठेका दिया।
बीते 4 रोज पहले अपने 3 साथियों के साथ बिलासपुर से रायगढ़ आया और नंदेली में रुका था। शनिवार सुबह नए मकान में 6 लोग रंगाई- पुताई काम कर रहे थे। दोपहर लगभग डेढ़ बजे मनहरण मकान की पहली मंजिल में चढ़कर छज्जे के पास था कि अचानक उसका शारीरिक सन्तुलन बिगड़ गया। युवक अपने आपको संभाल पाता इसके पहले वह ऊंचाई से नीचे गिर गया। मनहरण को नीचे गिरते ही साथियों ने आसपास के लोगों से मदद मांगी। चूंकि, शरीर के बाहरी के अलावा अंदरूनी भागों में काफी चोटें आने के कारण मनहरण की हालत बिगड़ रही थी, इसलिए उसे मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल ले जाया गया। डॉक्टर्स ने प्राथमिक परीक्षण में ही मृत घोषित कर दिया। शनिवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव को अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंपने वाली कोतरा रोड पुलिस छानबीन कर रही है।









