

CG CRIME : मामूली विवाद पर धारदार ब्लेड से वार; तीन भाइयों ने युवक पर किया प्राण घातक हमला, आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
रायगढ़ : विक्की पटेल। CG CRIME : जिले में मामूली विवाद को लेकर एक युवक पर तीन भाइयों ने धारदार ब्लेड से प्राण घातक हमला का कर दिया है, बीते मंगलवार की रात 10 बजे एक युवक लहूलुहान हालत में जूटमिल थाना पहुंचा। परिजनों ने पुलिस को बताया कि कया घाट मोहल्ला निवासी तीन भाइयों ने मिलकर पीड़ित के ऊपर धारदार ब्लेड से वार किया है। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया है।
घटना में घायल राजेंद्र नवरंग पिता जवाहर नवरंग निवासी कया घाट ने बताया कि रात को वह अपने भतीजे खगेश्वर बसंत को घर से आवारा की तरह घूमने के लिए डांट फटकार रहा था। जिसे सुनकर बंटी महंत घर से बाहर निकला और गाली गलौज करते हुए घर के सामने से जाने के लिए कहा।
उसकी आवाज सुनकर उसके दो भाई संजू महंत और अजय महंत घर के बाहर आ गए। जिन्होंने बिना कोई बात किए हाथ मुक्का से मारपीट शुरू कर दिया और बाद में अपने पास रखी धारदार ब्लेड से उसके गर्दन और पीठ पर वार किया। किसी तरह वह अपनी जान बचाकर घर पहुंचा और घटना की जानकारी अपने परिजनों को दी।
इसके बाद परिजन उसे अपने साथ लेकर जूटमिल पुलिस थाना पहुंचे। घायल राजेंद्र के परिजनों ने पुलिस से आरोपी युवकों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई करने की मांग की। पुलिस ने घटना में घायल राजेंद्र नवरंग को इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा और आरोपी बंटी ,संजू और अजय महंत के खिलाफ गंभीर धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।





