
शताब्दी समारोह स्थल पर अत्याधुनिक इलेक्ट्रॉनिक मीडिया विभाग का भव्य अनावरण
हरिद्वार (उत्तराखंड) : वैरागी द्वीप स्थित शताब्दी समारोह स्थल पर आज संचार क्रांति के एक नए अध्याय का शुभारंभ हुआ। अत्याधुनिक तकनीकी सुविधाओं से सुसज्जित इलेक्ट्रॉनिक मीडिया विभाग का विधिवत अनावरण गढ़वाल कमिश्नर श्री विनय शंकर पांडे जी, आईजी गढ़वाल श्री राजीव स्वरूप जी तथा देव संस्कृति विश्वविद्यालय के प्रतिकुलपति एवं शताब्दी समारोह के दलनायक आदरणीय डॉ. चिन्मय पंड्या जी के कर-कमलों द्वारा संपन्न हुआ।
इस अवसर पर गढ़वाल कमिश्नर श्री विनय शंकर पांडे जी ने कहा कि शांतिकुंज द्वारा आयोजित शताब्दी समारोह न केवल हरिद्वार, बल्कि संपूर्ण उत्तराखंड के लिए गौरव का विषय है।

शताब्दी समारोह के दलनायक आदरणीय डॉ. चिन्मय पंड्या जी ने कहा कि हाई-टेक संसाधनों एवं अत्याधुनिक तकनीकी सुविधाओं से युक्त यह इलेक्ट्रॉनिक मीडिया केंद्र भविष्य में सूचनाओं के त्वरित, सटीक और प्रभावी आदान-प्रदान का एक सशक्त माध्यम बनेगा।
निरीक्षण के दौरान कमिश्नर श्री विनय शंकर पांडे जी एवं आईजी श्री राजीव स्वरूप जी ने देव संस्कृति विश्वविद्यालय के प्रतिकुलपति आदरणीय डॉ. चिन्मय पंड्या जी तथा शांतिकुंज व्यवस्थापक श्री योगेन्द्र गिरि जी के साथ समारोह की तैयारियों एवं विभिन्न व्यवस्थागत पहलुओं पर विस्तृत चर्चा की।
यह नवनिर्मित इलेक्ट्रॉनिक मीडिया केंद्र परम पूज्य गुरुदेव पं. श्रीराम शर्मा आचार्य जी द्वारा प्रवर्तित महान ‘युग निर्माण अभियान’ और वैचारिक क्रांति की संकल्पना को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण माध्यम है। आधुनिक तकनीक के माध्यम से पूज्य गुरुदेव जी के विचारों को जन-जन तक पहुँचाने में यह विभाग सेतु की भूमिका निभाएगा।
इस अवसर पर जिलाधिकारी श्री मयूर दीक्षित जी, एसपी क्राइम श्री जितेंद्र मेहरा जी, एचआरडीए सचिव श्री मनीष कुमार जी, अपर कुंभ मेला अधिकारी श्री दयानंद सरस्वती जी सहित शांतिकुंज के वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे।




