सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में जनगणना 2027 की तैयारियां शुरू
जिला स्तरीय अधिकारियों को दिया गया प्रशिक्षण
सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में जनगणना 2027 की तैयारियां शुरू

जिला स्तरीय अधिकारियों को दिया गया प्रशिक्षण
सारंगढ़-बिलाईगढ़, 6 मार्च 2026/भारत की आगामी जनगणना 2027 को लेकर जिले में तैयारियां प्रारंभ हो गई हैं। इसी क्रम में कलेक्टर डॉ. संजय कन्नौजे की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिला स्तरीय प्रभारी अधिकारियों का प्रशिक्षण आयोजित किया गया। प्रशिक्षण के दौरान कलेक्टर डॉ. कन्नौजे ने कहा कि जैसे चुनाव के समय सभी अधिकारी- कर्मचारी मिशन मोड में कार्य करते हैं, उसी तरह जनगणना कार्य को भी पूरी गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ मिशन मोड में पूरा करना होगा। उन्होंने बताया कि पहले जनगणना पूरी तरह से फिजिकल तरीके से की जाती थी, लेकिन जनगणना 2027 पहली बार पूरी तरह डिजिटल माध्यम से होगी, जिसमें मोबाइल ऐप का उपयोग किया जाएगा।

कलेक्टर ने अधिकारियों को जानकारी देते हुए बताया कि जनगणना दो चरणों में संपन्न होगी। पहले चरण में मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना की जाएगी, जबकि दूसरे चरण में जनसंख्या जनगणना का कार्य किया जाएगा। इस बार जनगणना के लिए मोबाइल ऐप का उपयोग किया जाएगा तथा इसमें कुल 24 प्रश्नों की जानकारी दर्ज करनी होगी। कलेक्टर ने बताया कि जनगणना कार्य के लिए सुपरवाइजरों को मोबाइल ऐप उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देश दिया कि क्षेत्र में सही प्रगति सुनिश्चित करने के लिए जनगणना से संबंधित जानकारी सही और पूर्ण रूप से दर्ज की जाए। उन्होंने कहा कि वर्ष 2027 में होने वाली जनगणना देश की 16वीं जनगणना होगी, जो पहली बार डिजिटल तरीके से आयोजित की जाएगी। इस बार नागरिकों को भी सुविधा दी गई है कि वे स्वयं जनगणना पोर्टल के माध्यम से अपनी जानकारी भर सकेंगे। बाद में जब जनगणना अधिकारी घर पहुंचेंगे तो नागरिक अपनी भरी हुई जानकारी उन्हें दिखा सकते हैं।





