
‘सही पोषण-स्वस्थ जीवन’ पर सेमिनार, खाद्य प्रदर्शनी, ईट राइट क्रिएटिविटी चैलेंज का आयोजन


कोरबा : शासकीय इं. वि. स्नातकोत्तर महाविद्यालय, कोरबा (छ.ग.) के गृह विज्ञान विभाग एवं राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई के संयुक्त तत्वावधान में 8वें राष्ट्रीय पोषण माह (सितंबर 2025) के अंतर्गत विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस वर्ष की थीम “सही पोषण – स्वस्थ जीवन” रही।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्रभारी प्राचार्य डॉ. एल.एन. कंवर, मनोविज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. अवंतिका कौशिल, सहायक प्राध्यापक रसायन प्रो. कुंदन आनंद, संस्कृत विभागाध्यक्ष प्रो. कन्हैया सिंह कंवर, सहायक प्राध्यापक वाणिज्य प्रो. कल्पना कंवर तथा गृह विज्ञान विभागाध्यक्ष प्रो. अजय कुमार पटेल की गरिमामयी उपस्थिति रही।

इस अवसर पर तीन प्रमुख गतिविधियाँ आयोजित की गईं – प्रथम सेमिनार-जिसमें विद्यार्थियों ने संतुलित आहार, पोषण संबंधी जागरूकता और स्वस्थ जीवनशैली पर प्रस्तुतियाँ दीं। द्वितीय खाद्य प्रदर्शनी – पारंपरिक एवं आधुनिक पोषणीय व्यंजनों का प्रदर्शन किया गया। तृतीय फूड एंड वेजिटेबल क्रिएटिविटी चैलेंज – विद्यार्थियों ने फलों और सब्जियों से आकर्षक एवं रचनात्मक आकृतियाँ तैयार कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम के दौरान गृह विज्ञान परिषद का भी गठन किया गया। जिसमें विकास सोनवानी को अध्यक्ष, दिशा राजपूत को उपाध्यक्ष, मुस्कान साहू को सचिव व सारिका चौहान को सहसचिव नियुक्त किया गया।

कार्यक्रम में युवाओं को संबोधित करते हुए प्रभारी प्राचार्य डॉ. एल.एन. कंवर ने कहा – “सही पोषण समाज की सेहत और समृद्धि दोनों का आधार है। कुपोषण मुक्त भारत के लिए युवाओं की भागीदारी अत्यंत आवश्यक है।” डॉ. अवंतिका कौशिल (विभागाध्यक्ष, मनोविज्ञान) ने संतुलित आहार और मानसिक स्वास्थ्य के बीच गहरे संबंध को रेखांकित करते हुए कहा कि – “अच्छा पोषण न केवल शारीरिक बल्कि मानसिक संतुलन के लिए भी आवश्यक है।” प्रो.कुंदन आनंद (रसायन) ने खाद्य पदार्थों में उपस्थित विटामिन, खनिज एवं सूक्ष्म पोषक तत्वों की वैज्ञानिक भूमिका समझाई। प्रो.कन्हैया सिंह कंवर (संस्कृत) ने कहा – “आयुर्वेद और प्राचीन ग्रंथों में भी ‘अन्नं ब्रह्म’ कहा गया है, जो भोजन के महत्व को स्पष्ट करता है।” प्रो.कल्पना कंवर (वाणिज्य) ने कहा – “पोषणीय आहार अपनाकर परिवार का स्वास्थ्य सुधारने के साथ-साथ आर्थिक व्यय को भी संतुलित किया जा सकता है।” प्रो.अजय कुमार पटेल (गृह विज्ञान विभागाध्यक्ष) ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा – “सही पोषण के प्रति जागरूकता विद्यार्थियों से समाज तक पहुँचेगी और यही इस अभियान की सफलता है।”

कार्यक्रम का संचालन करते हुए गृह विज्ञान विभागाध्यक्ष प्रो. अजय कुमार पटेल ने सभी अतिथियों, संकाय सदस्यों एवं छात्रों का आभार व्यक्त किया और कहा कि –“पोषण केवल स्वास्थ्य की आधारशिला नहीं, बल्कि सतत विकास का भी महत्वपूर्ण अंग है। इस प्रकार के कार्यक्रम छात्र-छात्राओं को जागरूक बनाते हैं और समाज तक सही संदेश पहुँचाते हैं।”










