बलौदा बाजार में आरक्षक का कटा चालान, व्यापारियों से वसूली की शिकायत पर कलेक्टर ने बनाई जांच समिति
ट्रैफिक पुलिस ने साफ कहा, बिना हेलमेट जो गाड़ी चलाएगा उसे पकड़ा जाएगा.

बलौदा बाजार में आरक्षक का कटा चालान, व्यापारियों से वसूली की शिकायत पर कलेक्टर ने बनाई जांच समिति
ट्रैफिक पुलिस ने साफ कहा, बिना हेलमेट जो गाड़ी चलाएगा उसे पकड़ा जाएगा.
बलौदा बाजार: अक्सर लोग कहते हैं कि ट्रैफिक नियम सिर्फ आम लोगों के लिए होते हैं. पुलिस वाले चाहे नियमों का पालन करें या न करें उनको नहीं पकड़ा जाता. लेकिन ऐसा नहीं है. शनिवार दोपहर डोटोपार बायपास चौक, जिसे जिला प्रशासन ने हेलमेट जोन घोषित किया है, पर एक पुलिस आरक्षक को बिना हेलमेट के मोटरसाइकिल चलाते देखा गया. मौके पर तैनात यातायात पुलिस ने उसे रोका और चालान काट दिया. आरक्षक का नाम गणपत लहरे है, जो वर्तमान में थाना भाटापारा ग्रामीण में पदस्थ है.

हेलमेट जोन में बिना हेलमेट के गाड़ी चला रहा था आरक्षक: दरअसल, बलौदा बाजार नगर में प्रवेश करने वाले दो प्रमुख चौक हैं पहला डोटापार बायपास चौक और दूसरा सकरी बायपास चौक. इन जगहों को पुलिस ने हेलमेट जोन घोषित किया है. इन जोनों में दोपहिया वाहन चालकों के लिए हेलमेट अनिवार्य है। बिना हेलमेट पाए जाने पर चालान की कार्रवाई तुरंत की जाती है.

यह कार्रवाई केवल दंड के लिए नहीं, बल्कि यह दिखाने के लिए की गई है कि नियम सब पर लागू होते हैं. हेलमेट पहनना खुद की सुरक्षा का पहला कदम है: हेमसागर सिदार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक
हम किसी को परेशान नहीं करना चाहते, लेकिन सड़क सुरक्षा से समझौता नहीं किया जा सकता. कई बार लोग सोचते हैं कि घर पास में है, इसलिए हेलमेट जरूरी नहीं। लेकिन हादसा दूरी नहीं देखता: प्रियेस जॉन, यातायात टीआई

नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई
पिछले कुछ हफ्तों से ट्रैफिक पुलिस लगातार अभियान चला रही है. रोजाना 20 से 30 चालान काटे जा रहे हैं. कई लोगों को मौके पर ही चेतावनी दी जाती है, जबकि बार-बार नियम तोड़ने वालों पर सख्त जुर्माना लगाया जा रहा.

स्थानीय लोगों ने बताया सही कदम
आरक्षक गणपत लहरे पर कार्रवाई की खबर फैलते ही शहर में चर्चा शुरू हो गई. कई लोगों ने सोशल मीडिया पर इसे “न्यायसंगत कदम” बताया. एक स्थानीय व्यापारी रोशन साहू ने कहा, “यह अच्छी बात है कि पुलिस खुद पर भी नियम लागू कर रही है। इससे जनता में भरोसा बढ़ेगा कि ट्रैफिक नियम केवल आम लोगों के लिए नहीं हैं.”
एसपी भावना गुप्ता ने दिए हैं सख्त निर्देश
पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता ने पहले ही सभी पुलिसकर्मियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि वे खुद यातायात नियमों का पालन करें. एसपी ने कहा है कि जब आम जनता हमें देखती है, तो उनसे भी वही उम्मीद रखती है जो हम खुद करते हैं. अगर पुलिस ही नियम तोड़ेगी तो संदेश गलत जाएगा. इस घटना के बाद एसपी के निर्देश और भी स्पष्ट हैं कि किसी भी स्थिति में ‘नो हेलमेट ड्राइविंग’ बर्दाश्त नहीं की जाएगी चाहे वह पुलिसकर्मी ही क्यों न हो

व्यापारियों की शिकायत पर एक्शन
दीपावली के पहले व्यापारियों से वसूली की शिकायत पर जिला प्रशासन हरकत में आ गया है. जानकारी के अनुसार, महिला उत्पीड़न जांच समिति बनाए जाने के नाम पर श्रम विभाग के कुछ अधिकारियों द्वारा व्यापारियों से पैसा वसूलने की शिकायतें सामने आई थी. इस मामले को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर दीपक सोनी ने तत्काल जांच समिति गठित कर एक दिन के भीतर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं.
तीन सदस्यीय जांच समिति गठित
कलेक्टर द्वारा बनाई गई जांच समिति में एसडीएम बलौदाबाजार को समिति का अध्यक्ष बनाया गया है, मुख्य नगरपालिका अधिकारी बलौदाबाजार और सहायक श्रम पदाधिकारी को सदस्य नियुक्त किया गया है. समिति को निर्देश दिए गए हैं कि वे मामले की गंभीरता से जांच कर रिपोर्ट शीघ्र प्रस्तुत करें, ताकि दोषियों पर कार्रवाई की जा सके.

ऐसी शिकायतें बेहद गंभीर हैं. किसी भी सरकारी अधिकारी के द्वारा यदि इस तरह की अवैध वसूली की जाती है तो सख्त विभागीय कार्रवाई होगी: दीपक सोनी, कलेक्टर
दीपावली से पहले वसूली का आरोप
आरोप है कि श्रम विभाग के कुछ अधिकारियों ने महिला उत्पीड़न जांच समिति के गठन के नाम पर व्यापारियों से धन की मांग की थी. बताया जा रहा है कि यह गतिविधि दीपावली से ठीक पहले की गई, जब व्यापारी त्योहारी खरीदारी और कारोबार में व्यस्त थे. शिकायतें जिला प्रशासन को विभिन्न माध्यमों से प्राप्त हुईं, जिसके बाद कलेक्टर ने मामले को तत्काल संज्ञान में लिया.

कलेक्टर का निर्देश, जांच में पारदर्शिता बरती जाएगी
कलेक्टर दीपक सोनी ने कहा कि इस तरह की शिकायतें बेहद गंभीर हैं और किसी भी सरकारी अधिकारी द्वारा यदि अवैध वसूली की जाती है तो सख्त विभागीय कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने स्पष्ट किया कि जांच में पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित की जाएगी





