प्रबंधकों ने कलेक्टर के सामने रखी 4 मांग चेतावनी- धान खरीदी का करेंगे बहिष्कार

प्रबंधकों ने कलेक्टर के सामने रखी 4 मांग चेतावनी- धान खरीदी का करेंगे बहिष्कार
सारंगढ़ बिलाईगढ़ : जिले के सेवा सरकारी समिति प्रबंधकों ने शुक्रवार को अपनी चार सूत्रीय लंबित मांगों को लेकर कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा और चेतावनी दी कि यदि इन मांगों को पूरा नहीं किया गया तो वे धान खरीदी का बहिष्कार कर अनिश्चितकालीन आंदोलन पर उतरेंगे।

ज्ञापन में बताया गया कि समर्थन मूल्य पर धान खरीदी में समय पर प्रदेश के 2058 समितियों के 2739 उपार्जन केंद्रों से धान का समानुपात में परिवहन नहीं हो पा रहा है। इस वजह से मार्कफेड रायपुर द्वारा सुखत की राशि सहित अन्य प्रासंगिक खर्च, सुरक्षा व्यय और कमीशन की राशि काटकर समितियों को भुगतान किया जाता है। साथ ही मिलर द्वारा समय पर धान नहीं उठाने पर पेनाल्टी राशि स्वयं ली जाती है। इन समस्याओं के चलते समिति कर्मचारियों को समय पर वेतन नहीं मिल पा रहा है, जिससे सहकारिता के माध्यम से समृद्धि लाना असंभव हो गया है।

ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि गत वर्ष नवंबर में आंदोलन के दौरान मुख्यमंत्री के साथ कोर कमेटी की बैठक हुई थी, लेकिन अभी तक इसका समाधान नहीं निकला है। ज्ञापन सौंपने के मौके पर अनिल गोपाल, ईश्वर साहू, ललित बरेठा, संतोष श्रीवास, शंकर साहू सहित सरिया, बरमकेला, कोसीर, सरसावीं, भटगांव, बिलाईगढ़ और अन्य क्षेत्र के समिति प्रबंधक उपस्थित थे। प्रबंधकों ने चेतावनी दी कि यदि चार सूत्रीय लंबित मांगों को शीघ्र पूरा नहीं किया गया तो आगामी धान खरीदी सत्र में समिति कर्मचारी आंदोलन पर उतर सकते हैं, जिससे खरीदी प्रक्रिया प्रभावित होने की संभावना है।











