
दुर्ग क्राइम : डेढ़ साल पहले दादी-पोती मर्डर का खुला राज, आरोपी ने टंगिया-चाकू से किया था नाबालिग प्रेमिका और दादी की हत्या, युवती की सगाई बनी वजह!
दुर्ग क्राइम : दुर्ग ज़िले के ग्राम गनियारी में करीब डेढ़ साल पहले हुई दादी-पोती की दोहरी हत्या के बहुचर्चित मामले का पुलिस ने आखिरकार खुलासा कर दिया है। करीब डेढ़ साल पहले दोनों की लाशें उनके घर पर खून से लथपथ मिली थी। विवेचना के दौरान पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी। हत्या करने वाले पूरी प्लानिंग के साथ काम को अंजाम दिया था। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है एक आरोपी फरार है।

दरअसल, घटना 6-7 मार्च 2024 की रात की है, जब वृद्धा और उसकी नाबालिग पोती की उनके घर में बेरहमी से हत्या कर दी गई थी। दोनों के शरीर पर धारदार और भोथरे हथियारों से किए गए कई वारों के निशान मिले थे।

घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। एफएसएल, फिंगर प्रिंट, डॉग स्क्वाड और विशेष जांच दल की मदद से पुलिस ने 62 संदिग्धों से पूछताछ की। अहमदाबाद और रायपुर में संदिग्धों के ब्रेनमैपिंग, पॉलीग्राफ और नार्को टेस्ट भी कराए गए। आखिरकार रिपोर्ट और पूछताछ के आधार पर पुलिस ने मुख्य आरोपी चुमेन्द्र निषाद और उसके सहयोगी पंकज निषाद को गिरफ्तार किया, जबकि एक आरोपी अभी फरार है।

नाबालिग मृतका से थे अवैध संबंध
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि चुमेन्द्र के नाबालिग मृतका से अवैध संबंध थे। इसी बीच उसकी सगाई हो जाने से नाबालिग ने उसे धमकाया कि वह यह बात सबको बता देगी। इससे डरकर चुमेन्द्र ने अपने शराब तस्करी के साथी पंकज और एक अन्य के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची। घटना की रात चुमेन्द्र ने नाबालिग को आवाज देकर बाहर बुलाया और झूठ बोलकर शादी करने की बात कही।

टंगीया से हत्या
नाबालिग के इंकार करने पर उसने गुस्से में टंगीया से हमला कर उसकी हत्या कर दी। शोर मचाने पर दादी को भी चाकू मारकर मौत के घाट उतार दिया। वारदात के बाद आरोपी हथियार धोकर घर लौट गए।पुलिस ने चुमेन्द्र की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त चाकू, पंकज निषाद से मोबाइल और स्कॉर्पियो वाहन जब्त किया है। तीसरे आरोपी की तलाश जारी है। इस खुलासे के साथ डेढ़ साल पुराने गनियारी हत्याकांड से जुड़ा रहस्य सुलझ गया है।









