
ट्रैफिक एएसआई पर जानलेवा हमला, ट्रक ड्राइवर गिरफ्तार,शराब के नशे में था आरोपी – FATAL ATTACK ON TRAFFIC ASI
कुम्हारी में एएसआई पर ट्रक ड्राइवर ने जानलेवा हमला कर दिया.जिसमें एएसआई को गंभीर चोट आई है.
भिलाई : स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम के तहत कुम्हारी टोल प्लाजा पर वीआईपी के लिए रूट क्लियर कराने के दौरान एएसआई पर हमला हो गया.
गुरुवार रात करीब साढ़े 10 बजे एएसआई सुशील पाण्डेय पर नशे में धुत ट्रक ड्राइवर ने हमला कर दिया. जिससे उनके सिर में गंभीर चोट आई. गंभीर रुप से घायल एसआई को तुरंत हॉस्पिटल ले जाया गया. जहां उनके सिर में 9 टांके लगाने पड़े. वहीं पुलिस ने आरोपी ट्रक ड्राइवर को गिरफ्तार करके ट्रक जब्त कर लिया है. फिलहाल रायपुर एम्स हॉस्पिटल में उनका इलाज चल रहा है.

वीआईपी रूट क्लियर कराने के दौरान घटना :
इस पूरे मामले में सीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी ने बताया कि ट्रैफिक में तैनात एएसआई सुशील पांडेय सड़क किनारे खड़े एक ट्रक को हटवाने का प्रयास कर रहे थे, ताकि वीआईपी रूट पर यातायात सुचारू रह सके. इसी दौरान शराब के नशे में धुत ट्रक ड्राइवर ने उन पर हमला कर दिया.

हमले में एएसआई के सिर में गहरी चोट लगी, जिसके कारण उन्हें तुरंत निजी अस्पताल ले जाया गया. डॉक्टरों ने उनके सिर पर 9 टांके लगाए. बेहतर उपचार के लिए उन्हें रायपुर एम्स रेफर किया गया है, जहां उनका इलाज जारी है. घटना के बाद एएसआई सुशील पांडेय ने कुम्हारी थाने में आरोपी ट्रक ड्राइवर के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और घटना में इस्तेमाल ट्रक को भी जब्त कर लिया है – सत्यप्रकाश तिवारी, सीएसपी

ड्यूटी के दौरान अनजान खतरा : पुलिस इस मामले में आगे की जांच कर रही है. यह घटना पुलिस के ड्यूटी के दौरान सामने आने वाले खतरों को दर्शाती है. खासकर जब अधिकारी सार्वजनिक सुरक्षा और वीआईपी मूवमेंट के लिए मेहनत कर रहे होते हैं. अचानक हुए इस हमले में एएसआई की जान पर बन आई थी. वक्त रहते उनके साथियों ने एएसआई को अस्पताल में पहुंचाया जहां उनका त्वरित इलाज किया गया.







