जन सुविधाओं का सतत विस्तार हमारी प्राथमिकता: मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय
मुख्यमंत्री ने सारंगढ़- बिलाईगढ़ जिले को दी 186 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात

जन सुविधाओं का सतत विस्तार हमारी प्राथमिकता: मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय


मुख्यमंत्री ने सारंगढ़- बिलाईगढ़ जिले को दी 186 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात


मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सारंगढ़ में स्टालों का निरीक्षण किया

बच्चों को अन्न प्रासन्न, आदिवासी महिलाओं को दुधारू गाय वितरण किए





मुख्यमंत्री साय सहित अतिथियों ने सारंगढ़ में किया वृक्षारोपण




के. पी. पटेल की खास खबर…
सारंगढ़ बिलाईगढ़ : मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने सारंगढ़ बिलाईगढ़ को 186 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात दी। सारंगढ़ के शासकीय लोचन प्रसाद पांडे महाविद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में 96 करोड़ के कार्यों का लोकार्पण और 90 करोड़ के कार्यों का भूमिपूजन किया।


मुख्यमंत्री श्री साय ने अपने उद्बोधन में कहा कि सांसद के रूप में सारंगढ़ के लिए लंबे समय तक कार्य किया। अब मुख्यमंत्री का दायित्व मिला है। पिछले डेढ़ सालों में इस जिम्मेदारी को पूरे लगन और समर्पण के साथ निभाने का का कार्य कर रहे हैं। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की गारंटियों को लगातार पूरा कर रहे हैं। किसानों से प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान 31 सौ रूपये की कीमत के साथ खरीद रहे हैं। दो साल का बकाया बोनस भी 13 लाख किसानों को 3716 करोड़ रुपए दिया गया। 18 लाख आवास निर्माण को स्वीकृति प्रदान की। अब तेजी से हितग्राहियों के मकानों का निर्माण हो रहा है। पीएम आवास निर्माण की गति ऐसी है कि गांवों में राजमिस्त्री और सेंटरिंग प्लेट की कमी हो गई है।

महतारी वंदन योजना से प्रदेश की 70 लाख महिलाओं को आर्थिक संबल मिला है। हर माह मिलने वाली राशि से महिलाएं अपना खुद का व्यवसाय भी प्रारंभ कर रही हैं। सारंगढ़ जिले के दानसरा की माताओं ने महतारी वंदन की राशि से अपने गांव में राम मंदिर निर्माण की पहल की है। जिसे आज पूरा प्रदेश जानता है। तेंदूपत्ता खरीदी के दाम बढ़ाए गए हैं। 5.62 लाख कृषि भूमिहीन मजदूरों को 10-10 हजार रूपये दिए जा रहे हैं। राम लला दर्शन योजना से अब तक 22 हजार श्रद्धालु अयोध्या धाम में प्रभु श्री राम के दर्शन कर चुके हैं। मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना फिर से शुरू की गई है, इसके लिए देश में 19 स्थान चिन्हित किए गए हैं, जहां 60 वर्ष से अधिक उम्र के बड़े बुजुर्ग के साथ परित्यक्ता और विधवा महिलाएं भी योजना का लाभ लेकर तीर्थयात्रा कर सकते हैं।

प्रदेश में विकास को रफ्तार देने नई उद्योग नीति लेकर आए हैं। पिछले 6 माह में छत्तीसगढ़ को 6.50 लाख करोड़ रूपये के निवेश का प्रस्ताव मिल चुका है। जिसमें रोजगार सृजन को प्राथमिकता दी गई है।पिछले डेढ़ वर्षों में शासन के विभिन्न विभागों के करीब 10 हजार पदों पर भर्ती की जा चुकी है। 5 हजार शिक्षकों की भर्ती पुनः निकलने वाली है। उद्योगों को भी 1 हजार से अधिक पदों के रोजगार सृजन में कई तरह के प्रोत्साहन दिए जा रहे हैं।

राजस्व और जिले के प्रभारी मंत्री श्री टंकराम वर्मा ने कहा कि पिछले डेढ़ वर्षों में प्रदेश में गांव शहर में हर जगह विकास कार्यों को गति देने का काम कर रहे हैं। सारंगढ़ बिलाईगढ़ जिले में करोड़ों की विकास कार्यों की सौगात मिलने से यहां जनसुविधाओं में वृद्धि होगी। विकास कार्यों पर अमल का यह क्रम निरंतर जारी रहेगा। सांसद श्री राधेश्याम राठिया ने कहा कि सारंगढ़ बिलाईगढ़ जिले में विकास कार्यों और अधोसंरचना विस्तार को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है। सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य जैसी मूलभूत सुविधाओं के साथ पीएम आवास, हर घर जल जैसे कार्यों को प्राथमिकता से पूरा किया जा रहा है। जगदलपुर विधायक श्री किरण सिंह देव ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के जनकल्याणकारी कार्यों को जमीन पर उतारने के साथ प्रदेश में विकास कार्यों को नई ऊंचाई देने का कार्य मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में निरंतर जारी है।सारंगढ़ बिलाईगढ़ जिले को 186 करोड़ की सौगात मिली है, यह जिले में अधोसंरचना विकास को मजबूती प्रदान करेगी।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सारंगढ़ में स्टालों का निरीक्षण किया

बच्चों को अन्न प्रासन्न, आदिवासी महिलाओं को दुधारू गाय वितरण किए



मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने शासकीय पंडित लोचन प्रसाद पाण्डेय कालेज सारंगढ़ के मैदान में आयोजित भूमिपूजन और लोकार्पण कार्यक्रम के पूर्व जिले के विभिन्न विभागों के स्टालों का निरीक्षण किया। पहला स्टॉल पशुधन विकास विभाग का था, जहां डेयरी समग्र विकास योजना के अंतर्गत दूधारू पशु प्रदाय योजना कार्यक्रम अंतर्गत अनिसूचित जनजातीय की महिला हितग्राहियों को
कार्तिकमति सिदार, राजकुमारी सिदार, रुकमनि बरिहा, कंचनी सिदार को दूधारु पशु दिया गया।
महिला एवं बाल विकास विभाग के स्टॉल में मुख्यमंत्री ने बालिका आरुषि मनहर का अन्नप्राशन संस्कार संपन्न हुआ तथा आरुषि मनहर और जारा नाज, दोनों बालिकाओं का जन्मोत्सव मनाया गया। इस अवसर पर महतारी वंदन योजना से श्रीराम मंदिर निर्माण से प्रसिद्ध जिले के महिला हितग्राहियों ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को पुष्पगुच्छ एवं रामचरित मानस की पुस्तक भेंट कर सम्मानित किया। पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के स्टॉल में जिले के बैंगिनडीह सहित अन्य ग्रामों के शिल्पकारों के शिल्प को अतिथियों को भेंट किया गया। इसी प्रकार वन विभाग के स्टॉल में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जंगल सफारी के डेमो वाहन में बैठकर सेल्फी फोटो खिंचवाई। कृषि, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, स्कूल शिक्षा, परिवार एवं स्वास्थ्य कल्याण विभाग का भी स्टॉल लगाया गया था।
मुख्यमंत्री साय सहित अतिथियों ने सारंगढ़ में किया वृक्षारोपण



मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सारंगढ़ प्रवास के दौरान शासकीय पंडित लोचन प्रसाद पाण्डेय कालेज परिसर में एक पेड़ मां के नाम वृक्षारोपण कार्यक्रम में अपनी मां श्रीमती जसमनी देवी के नाम पर वृक्षारोपण किया। कार्यक्रम में आए अतिथि अजय जामवाल, विधायक जगदलपुर किरण सिंह देव, जिले के प्रभारी व राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा, सांसद राधेश्याम राठिया ने भी वृक्षारोपण किए।

कार्यक्रम मे जिले के सभी अधिकारी एवं कर्मचारी सहित भाजपा के नेतागण, कार्यकर्ता एवं जिले के हजारों आम नागरिक शामिल हुए.






