
किराए के मकान में तीन दिन पुरानी लाश मिलने से सनसनी, हत्या या आत्महत्या!

पड़ोस में रहने वाले लोगों को जब दुर्गंध आने लगी तो कवर्धा पुलिस को सूचना दी गई.
कवर्धा: जिले के पोड़ी गांव में शुक्रवार को उस समय हड़कंप मच गया जब एक मकान से तीन दिन पुरानी सड़ी-गली लाश बरामद हुई. गांव में फैली दुर्गंध के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी. मौके पर पहुंची पुलिस और एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम ने मकान का दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया, जहां एक युवक का शव सड़ी गली अवस्था में पड़ा मिला. घटना की जानकारी मिलते ही पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई.

तीन दिन से अंदर से बंद था मकान का दरवाजा
मृतक की पहचान संतोष यादव पिता रामसेवक यादव (निवासी लोरमी) के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि संतोष यादव पोड़ी गांव में किराए के मकान में रहता था और पास की एक दुकान में काम करता था. पुलिस के अनुसार, उसकी मौत 21 अक्टूबर को हुई थी, लेकिन मकान का दरवाजा बंद रहने और किसी के अंदर न जाने के कारण घटना का पता नहीं चल सका.

शव पूरी तरह से हुआ डीकम्पोज
जब आसपास के लोगों को लगातार तेज दुर्गंध आने लगी, तब उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी. मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया और शव बरामद किया. एफएसएल टीम ने मौके से साक्ष्य एकत्र किए हैं. शव पूरी तरह से गलने की अवस्था में था, जिससे प्रारंभिक तौर पर मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है.

कवर्धा पुलिस कर रही जांच
पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर उसे मर्च्यूरी भेज दिया है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा. वहीं, पुलिस ने आसपास के लोगों और मृतक के सहकर्मियों से पूछताछ शुरू कर दी है. प्रारंभिक जांच में किसी प्रकार की बाहरी चोट या संघर्ष के निशान नहीं मिले हैं. घटना के बाद गांव में दहशत और चर्चा का माहौल है. लोग तरह-तरह की आशंकाएं जता रहे हैं. फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है.










